देहरादून : राष्ट्रीय लोक अदालत में 12 हजार से अधिक मामलों का निस्तारण…

 राजेश राणा 

देहरादून : राष्ट्रीय लोक अदालत में 12 हजार से अधिक मामलों का निस्तारण…

देहरादून जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया, जिसमें एक ही दिन में हजारों मामलों का निस्तारण कर न्यायिक व्यवस्था को बड़ी राहत मिली।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के तत्वावधान में 14 मार्च 2026 को जनपद के विभिन्न न्यायालयों में वर्ष की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की गई। यह लोक अदालत सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला मुख्यालय देहरादून सहित बाह्य न्यायालय ऋषिकेश, विकासनगर, डोईवाला, मसूरी और चकराता में आयोजित हुई।

लोक अदालत में मोटर दुर्घटना क्लेम, सिविल व पारिवारिक विवाद, चैक बाउंस, शमनीय आपराधिक मामले और अन्य मामलों की सुनवाई की गई। जनपद देहरादून में कुल 7255 मामलों का निस्तारण करते हुए 49 करोड़ 62 लाख 12 हजार 74 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया गया।

वहीं बाह्य न्यायालयों में भी बड़ी संख्या में मामलों का समाधान हुआ। विकासनगर में 739 मामलों का निस्तारण कर 99 लाख 58 हजार रुपये, ऋषिकेश में 911 मामलों का निस्तारण कर 3 करोड़ 31 लाख 98 हजार 531 रुपये, डोईवाला में 312 मामलों का निस्तारण कर 27 करोड़ 24 लाख 74 हजार 100 रुपये, मसूरी में 47 मामलों का निस्तारण कर 25 लाख 4 हजार 711 रुपये तथा चकराता में 14 मामलों का निस्तारण कर 19 लाख 52 हजार 500 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया गया।

इसके अलावा विभिन्न बैंकों और संस्थानों के प्री-लिटिगेशन स्तर के 4808 मामलों का भी निस्तारण किया गया, जिनमें 3 करोड़ 22 लाख 11 हजार 36 रुपये की धनराशि पर पक्षकारों के बीच समझौता हुआ।

जनपद देहरादून में आयोजित इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल मिलाकर 12,063 मामलों का सफल निस्तारण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *