देहरादून
अमित रावत
काशीपुर में खनन डंपर का कहर .. बाइक सवार की मौत के बाद बेकाबू हुआ गुस्सा .. डंपर फूंका
ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर से दर्दनाक और तनावपूर्ण घटना सामने आई है। कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ढकिया नंबर एक में खनन सामग्री से लदे डंपर की चपेट में आकर एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं आक्रोशित भीड़ ने डंपर में आग लगा दी, जिससे हालात कुछ देर के लिए बेकाबू हो गए।
जानकारी के मुताबिक, कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ढकिया नंबर एक निवासी 60 वर्षीय जयपाल सिंह सुबह अपने घर से बाइक पर कहीं जा रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रहे खनन सामग्री से लदे डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जयपाल सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना से गुस्साए लोगों ने मौके पर खड़े डंपर को आग के हवाले कर दिया। डंपर में आग लगते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक जयपाल सिंह दूध का कारोबार करते थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
बाइट :– स्वप्न किशोर सिंह (एसपी काशीपुर)
