राजेश राणा
देहरादून : गैस कालाबाजारी पर सख्ती, एजेंसी स्वामी सीधे जेल भेजे जाएंगे…
देहरादून में एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन ने अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी गैस एजेंसी की संलिप्तता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी स्वामी को सीधे नामजद कर जेल भेजा जाएगा।
जिले की सभी गैस एजेंसियों पर प्रशासन की कड़ी निगरानी के लिए अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है, जो हर गतिविधि पर नजर रखते हुए प्रतिदिन रिपोर्ट देंगे। साथ ही, उपभोक्ताओं को केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही ओटीपी आधारित गैस वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रशासन ने 25 हजार से अधिक लंबित मैन्युअल एंट्री को तत्काल ऑनलाइन अपडेट करने के निर्देश दिए हैं, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वहीं 25 और 45 दिन की एडवांस बुकिंग का अलग-अलग ब्यौरा भी तलब किया गया है।
जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीम की सख्त कार्रवाई से कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अब तक 5 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 3 आरोपियों को जेल भेजा गया है। साथ ही 150 घरेलू, 139 व्यवसायिक और 7 छोटे गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि होम डिलीवरी व्यवस्था लागू होने से गैस एजेंसियों पर भीड़ कम हुई है और कानून व्यवस्था भी बेहतर हुई है।

