राजेश राणा
सेलाकुई : फिट युवा, विकसित भारत… डीबीएस में यंग लीडर्स डायलॉग…
देहरादून के डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की MY Bharat पहल के तहत ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2026’ का आयोजन किया गया। ‘फिट भारत, हिट भारत’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने फिटनेस, नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण जैसे अहम मुद्दों पर विशेषज्ञों के साथ मंथन किया। कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों सहित करीब 200 से 300 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक और मानसिक फिटनेस के साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा। विशेषज्ञों ने युवाओं को अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर नई चुनौतियों को स्वीकार करने, स्वयंसेवा, एडवेंचर गतिविधियों और नवाचार को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
यंग प्रोफेशनल्स राउंडटेबल में डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी के शिक्षाविदों, भारतीय वायु सेना के पूर्व अधिकारी, एडवेंचर विशेषज्ञ, उद्यमियों और विधि विशेषज्ञों ने युवाओं के साथ संवाद किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ, आत्मविश्वासी और जागरूक युवा ही ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, करियर, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों से सवाल-जवाब भी किए। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। आयोजकों ने कहा कि ‘फिट भारत, हिट भारत’ अभियान का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
