उत्तराखंड में मौसम का कहर जारी, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम का कहर जारी, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट…

उत्तराखंड के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को भी तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में गर्जन और बिजली चमकने के साथ मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो 26 जुलाई तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसे ही रहने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों के किनारे न जाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की हिदायत दी है।

एक एनएच, दो स्टेट हाइवे समेत 98 मार्ग बंद
प्रदेश में भूधंसाव, भूस्खलन के कारण सोमवार को 98 मार्ग बंद रहे। देहरादून में देहरादून-मसूरी राज्य मोटर मार्ग पर भूधंसाव हुआ। इसके कारण मार्ग बंद हो गया। जिले में कुल 10 मार्ग बंद हैं। अल्मोड़ा में सात, बागेश्वर में 10 और रुद्रप्रयाग में सात ग्रामीण मार्ग बंद हैं। चमोली जिले में सिमली-ग्वालदम एनएच मलबा आने के कारण बंद है। यहां पर 25 ग्रामीण मार्ग भी आवाजाही ठप है। पिथौरागढ़ में 14 ग्रामीण मोटर मार्ग, नैनीताल में एक राज्य मार्ग और पांच ग्रामीण मोटर मार्ग, उत्तरकाशी में दो ग्रामीण मोटर मार्ग, बागेश्वर में 10, चंपावत में तीन और टिहरी में नौ ग्रामीण मोटर मार्ग बाधित हैं। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *