धामी सरकार का यमुना कॉलोनी में चला अवैध मजार पर बुलडोजर
देहरादून : वीआईपी पोश कॉलोनी में बनी अवैध मजार को बीती रात धामी सरकार के बुलडोजर ने ध्वस्त कर दिया। इस अवैध संरचना को लेकर कालोनी वासियों ने जिला प्रशासन को शिकायत दर्ज करवाई थी।
बीती रात यमुना कॉलोनी में बनी हुई अवैध मजार को ध्वस्त करते हुए उक्त भूमि को अपने कब्जे में ले लिया। उक्त सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने से एक माह पूर्व नोटिस चस्पा कर उसे स्वयं हटाने के लिए वक्त दिया गया था।
नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है।
बीती रात्रि में नगर निगम, सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई कर उक्त स्थान को अवैध कब्जे से मुक्त कर दिया।
उन्होंने बताया कि उक्त कार्रवाई के दौरान उस स्थान पर किसी भी तरह के कोई अवशेष आदि नहीं मिले।
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि राज्य सरकार का निर्देश है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की नियत से बनी ऐसी संरचनाओं को हर हाल में हटाया जाएगा। बेहतर तो यही है वो स्वयं अतिक्रमण को हटा लें।
